तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो युवकों की दर्दनाक मौत, कार में मिली शराब की बोतलें

भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर तड़के हुआ भीषण हादसा, सेक्टर-6 के दो युवकों ने मौके पर तोड़ा दम

तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो युवकों की दर्दनाक मौत, कार में मिली शराब की बोतलें

भिलाई नगर। इस्पात नगरी भिलाई में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह लगभग 4 बजे गुंडिचा मंडप के सामने सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई। कार क्रमांक CG 07 MB 5986 तेज गति से जा रही थी। बताया जा रहा है कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिसके बाद कार सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस और 112 की टीम ने दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दीपक गुप्ता (23 वर्ष) पिता राजबली गुप्ता, निवासी सड़क क्रमांक 50, क्वार्टर 8/F, सेक्टर-6 भिलाई तथा कौशिक दास (15 वर्ष) पिता स्वर्गीय चंदन दास, निवासी सड़क क्रमांक 33, मकान नंबर 3/A, सेक्टर-6 भिलाई के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में कार के भीतर से शराब की बोतलें और नमकीन के पैकेट भी मिले हैं। हालांकि दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

भिलाई नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटा रही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके। इस हादसे के बाद सेक्टर-6 क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही क्षेत्र के दो युवकों की असमय मौत से परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।