दुर्ग के 11 थानों में जब्त 34 हजार लीटर शराब नष्ट, 294 आबकारी मामलों का हुआ निपटारा

वर्ष 2011 से पहले के मामलों में जब्त शराब मानव उपभोग के योग्य नहीं थी, न्यायालय और कलेक्टर के आदेश पर सुपेला में हुई कार्रवाई

दुर्ग के 11 थानों में जब्त 34 हजार लीटर शराब नष्ट, 294 आबकारी मामलों का हुआ निपटारा

भिलाई। दुर्ग जिले में वर्षों से थानों में जब्त रखी गई करीब 34 हजार बल्क लीटर शराब को विधिवत नष्ट किया गया। वर्ष 2011 से पहले दर्ज 294 आबकारी प्रकरणों में जब्त इस मदिरा का नष्टीकरण न्यायालय और कलेक्टर के आदेशानुसार किया गया। शराब मानव उपभोग के योग्य नहीं रह गई थी। पर्यावरण विभाग की अनुमति के बाद थाना सुपेला के अंतर्गत निर्धारित स्थल पर मदिरा नष्टीकरण टीम की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई संपन्न हुई।

दुर्ग जिले के 11 थानों में दर्ज पुराने आबकारी मामलों में जब्त शराब को नियमानुसार निपटान के लिए सुरक्षित रखा गया था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत कुल 33,920.145 बल्क लीटर मदिरा का नष्टीकरण किया गया। कार्रवाई का उद्देश्य अनुपयोगी शराब का नियमानुसार निपटान करना और उसके अनधिकृत उपयोग की आशंका को समाप्त करना था।

नष्टीकरण की कार्रवाई में आबकारी विभाग, राजस्व प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की। इसमें आबकारी विभाग की एडीओ सुप्रिया शर्मा, एसडीएम भिलाई नगर, नगर पुलिस अधीक्षक निशान पाठक तथा एसडीएम उत्तम सिंह सहित संबंधित अमला शामिल रहा। सभी विभागों के समन्वय से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई पूरी की गई।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।