रायपुर में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग, पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन

12वीं बोर्ड हिंदी पेपर लीक मामले पर अंबेडकर चौक में प्रदर्शन, सख्त कानून और दोषियों पर कार्रवाई की उठी मांग

रायपुर में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग, पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ 12वीं बोर्ड के हिंदी विषय का पेपर लीक होने के मामले को लेकर राजधानी रायपुर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। रविवार को बड़ी संख्या में छात्र अंबेडकर चौक पर एकत्र हुए और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस आंदोलन को एनएसयूआई का भी समर्थन मिला।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्रों ने मांग की कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त और प्रभावी कानून बनाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रदर्शनकारियों ने री-नीट परीक्षा से जुड़े घटनाक्रम के बाद आत्महत्या करने वाली हरिका राव के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा देने की भी मांग की। उनका कहना था कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

प्रदर्शन में शामिल एनएसयूआई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी छात्रों की मांगों का समर्थन किया। संगठन ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और भविष्य में पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।