एक्सप्रेस में संत पर हमला: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ अर्जी देने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर धारदार हथियार से वार

प्रयागराज। रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार तड़के एक सनसनीखेज हमला सामने आया है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कोर्ट में प्राथमिकी दर्ज कराने की अर्जी देने वाले आशुतोष महाराज ब्रह्मचारी पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार आशुतोष ब्रह्मचारी शनिवार रात गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से रीवा एक्सप्रेस के एसी कोच में सवार होकर प्रयागराज जा रहे थे। रविवार सुबह करीब पांच बजे ट्रेन उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी एसी कोच एच-1 में मौजूद कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में आशुतोष ब्रह्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने किसी तरह जान बचाने के लिए ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद कर लिया। बाद में सूचना मिलने पर जीआरपी ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

प्रयागराज जीआरपी को दी गई शिकायत में आशुतोष ब्रह्मचारी ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जीआरपी के डीएसपी अरुण कुमार पाठक ने बताया कि मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल डॉक्टरों के मुताबिक आशुतोष ब्रह्मचारी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे की वजह क्या थी और हमलावर कौन थे।