रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, घर में मिले शव; इलाके में सनसनी

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में शनिवार को एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में साजिद अली (50 वर्ष) का शव घर में फंदे से लटका मिला। वहीं उनकी पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19 वर्ष), बेटी शाहिदा (17 वर्ष) और इरशाबा बेगम (16 वर्ष) के शव एक कमरे में मिले।

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चार लोगों ने जहरीला पदार्थ सेवन किया, जबकि साजिद अली ने फांसी लगाई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
