बाइक चलाने की बात पर विवाद, युवक पर ईंट से जानलेवा हमला; दो आरोपी घंटों में गिरफ्तार

बाइक चलाने की बात पर विवाद, युवक पर ईंट से जानलेवा हमला; दो आरोपी घंटों में गिरफ्तार

भिलाई। मोटरसाइकिल चलाने की बात को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। स्मृतिनगर में दो युवकों ने एक युवक के सिर पर ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को प्रार्थी देवेंद्र कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साथी रमेश कुमार के साथ घर निर्माण के लिए ईंट का ऑर्डर देने स्मृतिनगर स्थित वर्मा ट्रेडर्स गया था। इसी दौरान मोटरसाइकिल चलाने की बात को लेकर शाहिद कुरैशी और कृष्णा गायकवाड से विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने रमेश कुमार पर हत्या की नीयत से ईंट से सिर पर हमला कर दिया। घायल के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल रमेश कुमार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले में चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 999/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण कायम किया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों शाहिद कुरैशी (24 वर्ष) और कृष्णा गायकवाड (24 वर्ष), दोनों निवासी न्यू कृष्णा नगर, सुपेला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।