16 करोड़ के गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, STF और बलरामपुर पुलिस ने 4 और आरोपियों को दबोचा

बलरामपुर। बलरामपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ भुवनेश्वर के साथ संयुक्त अभियान में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही पूरे मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। पुलिस ने अब तक 3139.570 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 करोड़ रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार किए गए नए आरोपियों में दुर्वाशा साहु (46), सुबुधी साहु (40), अरुण कुमार राना (34) और प्रकाश खटुआ (35) शामिल हैं। सभी आरोपी ओडिशा के बौध जिले के कंटामाल थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इससे पहले पुलिस लोकेश शर्मा, आमिष अंसारी, नीलाम्बर कंहार समेत पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
यह कार्रवाई थाना बसंतपुर में दर्ज दो अलग-अलग एनडीपीएस मामलों की जांच के दौरान हुई। पहला मामला 29 दिसंबर 2025 का है, जब पुलिस ने एक टाटा ट्रक से 1198.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। तस्करों ने गांजे को छिपाने के लिए ट्रक में नारियल की भूसी भर रखी थी। यह खेप ओडिशा से राजस्थान भेजी जा रही थी।

दूसरा मामला 11 जून 2026 का है, जिसमें ट्रक क्रमांक RJ-14 GU-9078 से 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि ओडिशा के सोनपुर स्थित लोपा ढाबा के पास पहले पिकअप वाहनों से गांजा पहुंचाया जाता था। इसके बाद इसे बड़े ट्रकों में लोड कर राजस्थान सहित अन्य राज्यों में भेजा जाता था। तस्कर पुलिस से बचने के लिए गांजे को अलग-अलग सामान के बीच छिपाकर परिवहन करते थे।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में चारों आरोपियों ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
