12वीं के छात्र ने परीक्षा से लौटने के बाद लगाई फांसी, वजह स्पष्ट नहीं

12वीं के छात्र ने परीक्षा से लौटने के बाद लगाई फांसी, वजह स्पष्ट नहीं

दुर्ग। दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नगर में 12वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान यश कुमार डडसेना (20) के रूप में हुई है। शुक्रवार को केमिस्ट्री विषय की सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर घर लौटने के कुछ देर बाद उसने यह कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, यश शुक्रवार को केमिस्ट्री की सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर घर लौटा था। उस समय घर में उसकी दादी मौजूद थीं। उसके पिता छत्रपाल डडसेना अपने छोटे बेटे को प्रतियोगी परीक्षा दिलाने के लिए हुडको गए हुए थे, जबकि उसकी मां एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं।

दोपहर करीब 12 बजे पिता ने यश के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने घर के लैंडलाइन पर संपर्क किया। दादी ने बताया कि यश कुछ देर पहले "टॉयलेट जा रहा हूं" कहकर गया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिवार को संदेह हुआ। बाद में उसे फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।