वियतनाम में तबाही, बाढ़ और लैंडस्लाइड से 41 मौतें, लाखों लोग प्रभावित

वियतनाम के सेंट्रल इलाकों में लगातार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। बाढ़ और लैंडस्लाइड से 41 लोगों की मौत हो चुकी है। नौ लोग लापता हैं और खोजबीन जारी है। बचाव टीमें डूबे हुए घरों की छतों पर फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं।

पिछले तीन दिनों में कई इलाकों में बारिश 150 सेंटीमीटर से ज्यादा हो गई। पर्यावरण मंत्रालय के मुताबिक छह प्रांतों में मौतें दर्ज हुईं। 52 हजार से ज्यादा घर पानी में डूब गए और लगभग 62 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा। कई मुख्य सड़कें लैंडस्लाइड की वजह से बंद पड़ी हैं और करीब दस लाख घरों में बिजली नहीं है।

राष्ट्रीय मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि ह्यू शहर से लेकर डाक लाक तक तटीय हिस्सों में पानी का स्तर और बढ़ सकता है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और राहत दल लगातार काम कर रहे हैं।
