महाराजा चौक से बोरसी तक चला बुलडोजर, 200 से ज्यादा अतिक्रमण निशाने पर

महाराजा चौक से बोरसी तक चला बुलडोजर, 200 से ज्यादा अतिक्रमण निशाने पर

दुर्ग। शहर के प्रमुख महाराजा चौक से बोरसी मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण और प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर नगर निगम प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। संयुक्त टीम लगातार मौके पर पहुंचकर बाधक निर्माणों को हटाने में जुटी हुई है।

प्रशासन द्वारा महाराजा चौक से बोरसी मार्ग चौड़ीकरण के साथ ही मिनीमाता चौक पुलगांव से जेल तिराहा चौक तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण और पाइपलाइन शिफ्टिंग कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी के तहत सड़क किनारे किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है।

अधिकारियों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण क्षेत्र में 200 से अधिक लोगों द्वारा दुकान, बाउंड्रीवाल, शेड और अन्य पक्के निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। कार्रवाई के बाद अब कई स्थानों पर लोग स्वयं आगे आकर अपने निर्माण और कब्जे हटा रहे हैं, जिससे परियोजना में तेजी आने की उम्मीद बढ़ गई है।

नगर निगम की टीम जरूरत पड़ने पर जेसीबी मशीनों की सहायता से बाधक निर्माणों को हटा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई के दौरान होने वाले नुकसान के लिए संबंधित व्यक्ति स्वयं जिम्मेदार होंगे।

कार्रवाई के दौरान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार प्रफुल गुप्ता, सहायक अभियंता गिरीश दीवान, उप अभियंता विनोद मांझी, सिद्धार्थ साहू, पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर ए.के. यदु, विकास चन्द्राकर, स्थल सहायक माणिककांत सिन्हा, ईश्वर वर्मा, एआरआई प्रतिभा दिल्लीवार, पद्मनाभपुर थाना टीआई सहित पुलिस एवं निगम अमला मौजूद रहा।

अतिक्रमण दल के प्रभारी सहायक अभियंता गिरीश दीवान ने बताया कि महाराजा चौक से बोरसी और महाराजा चौक से मिनी माता चौक तक लगातार निरीक्षण कर बाधक अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां लोग स्वयं अतिक्रमण हटा रहे हैं, वहीं आवश्यक स्थानों पर निगम द्वारा मशीनों की मदद से कार्रवाई की जा रही है।