युवती के मंगेतर पर जानलेवा हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर चाकू से वार; आरोपी गिरफ्तार

शादी के लिए आधार कार्ड मांगने पर हुआ विवाद, नया मकान दिखाने के बहाने युवक को शिवपुरी ले गया था आरोपी

युवती के मंगेतर पर जानलेवा हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर चाकू से वार; आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से हमला किया। पुलिस ने मामले में आरोपी दीपक गुप्ता (48) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी जब्त किया गया है।

आधार कार्ड मांगने पर शुरू हुआ विवाद

जामुल पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अमित कुमार बंजारे ने शिकायत दर्ज कराई कि 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ आरोपी दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। किरण द्वारा विवाह के लिए आधार कार्ड मांगे जाने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई।

आरोप है कि इसी दौरान दीपक गुप्ता ने अमित को नया मकान दिखाने के बहाने शिवपुरी क्षेत्र की ओर ले गया। वहां आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और हत्या की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान अमित और किरण ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

घायल युवक को दुर्ग किया गया रेफर

हमले में घायल अमित को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्ग रेफर किया गया। घटना की रिपोर्ट पर जामुल थाने में अपराध क्रमांक 779/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

हथियार जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने घायल युवक और गवाहों के बयान दर्ज किए। विवेचना के दौरान घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार जब्त कर आरोपी दीपक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी कैंप-01, जलेबी चौक, दीदार स्टूडियो के पीछे, थाना छावनी, जिला दुर्ग का निवासी है।

जामुल पुलिस ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि प्रेम संबंधों या पारिवारिक विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें और किसी भी विवाद की स्थिति में हिंसा का सहारा न लें।