सब्जियों की आड़ में अफीम की खेती का खुलासा, इस जिले में 17 दिन में पांचवां मामला, पुलिस अलर्ट

रायगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है, जहां जिले में अवैध अफीम की खेती के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र के घटगांव का है, जहां सब्जियों की बाड़ी के बीच छिपाकर अफीम उगाई जा रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में साफ हुआ है कि खेती को बेहद चालाकी से छिपाया गया था, ताकि किसी को शक न हो।

यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि पिछले 17 दिनों के भीतर प्रदेश में अवैध अफीम की खेती का यह पांचवां मामला है। वहीं, सिर्फ दो दिनों के भीतर रायगढ़ जिले में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।

इससे पहले तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। वहां जांच में पता चला था कि झारखंड का रहने वाला एक व्यक्ति पिछले 10 से 12 साल से खेती के नाम पर जमीन लेकर अफीम उगा रहा था।
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने स्थानीय किसान से तरबूज और ककड़ी की खेती के लिए जमीन ली थी, लेकिन असल में उसी जमीन का इस्तेमाल अफीम की अवैध खेती के लिए किया जा रहा था।
अब पुलिस इस पूरे मामले को सिर्फ एक घटना मानकर नहीं चल रही है। अधिकारियों का मानना है कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अब लिंक तलाशने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल हैं।
