नवरात्रि पंचमी पर उमड़ी आस्था: निकुंभला मंदिर में दुर्गा महायज्ञ का भव्य आयोजन








दुर्ग। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर दुर्ग जिले के तीर्थराज देवी निकुंभला मंदिर, जय शक्ति आश्रम में चल रहे दुर्गा महायज्ञ में श्रद्धा का माहौल चरम पर है। महायज्ञ के पांचवें दिन, सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और माता के दर्शन कर पुण्य लाभ लिया।

इस मौके पर संस्थापक संत श्री माता जी ने श्रद्धालुओं को नवरात्रि की पंचमी तिथि का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि पंचमी का दिन शक्ति साधना और आत्म शुद्धि के लिए विशेष माना जाता है। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन संपन्न कराया गया। पूरा मंदिर परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने भी पूरे उत्साह के साथ यज्ञ में भाग लिया और माता रानी से सुख-समृद्धि की कामना की।


