केनाल रोड निर्माण का विरोध तेज, पुनर्वास के बिना काम रोकने की चेतावनी

केनाल रोड निर्माण का विरोध तेज, पुनर्वास के बिना काम रोकने की चेतावनी

दुर्ग। आम आदमी पार्टी, जिला इकाई दुर्ग ने प्रस्तावित केनाल रोड निर्माण के अगले चरण का कड़ा विरोध शुरू कर दिया है। पार्टी नेताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस प्रोजेक्ट को जनहित के खिलाफ और भ्रष्टाचार का केंद्र बताया।

पार्टी नेता मेहरबान सिंह ने चेतावनी दी कि खुर्सीपार में करीब 8 साल पहले केनाल रोड के नाम पर हुई कार्रवाई को दोहराने नहीं दिया जाएगा। उनका कहना है कि उस समय बिना पुनर्वास के सैकड़ों परिवारों को बेघर किया गया और आज वह सड़क असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बन चुकी है। वहीं जसप्रीत सिंह ने जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता ने उन्हें विकास के लिए चुना है, न कि फैसले थोपने के लिए।

उन्होंने पावर हाउस से वैशाली नगर तक इस सड़क की जरूरत पर ही सवाल खड़े किए और इसे टैक्स के पैसों की बर्बादी बताया। अविनाश ने पुनर्वास का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन को चेताया कि बिना रिहैबिलिटेशन कानून का पालन किए निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कलेक्टर से खुद मौके का निरीक्षण करने की मांग भी की। पार्टी ने रायपुर के स्काई वॉक का उदाहरण देते हुए इस प्रोजेक्ट को भी फिजूलखर्ची करार दिया और तत्काल रोक लगाने की मांग की। आम आदमी पार्टी की मुख्य मांगों में प्रोजेक्ट की निष्पक्ष जांच, अनावश्यक खर्च पर रोक और प्रभावित परिवारों के लिए उचित पुनर्वास की गारंटी शामिल है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बलविंदर सिंह, लक्ष्मी नेताम, उमा बाई यादव, धर्मेन्द्र चौधरी और देवेंद्र, रऊफ अंसारी, डॉ. एसके अग्रवाल, हरचरण सिंह आदि मौजूद थे।