भिलाई में बेकाबू स्कार्पियो का कहर, 15 वाहन चकनाचूर, चौकीदार को कुचलने की कोशिश

प्रार्थी गजेंद्र सिंह को हुआ लाखों का नुकसान

भिलाई में बेकाबू स्कार्पियो का कहर, 15 वाहन चकनाचूर, चौकीदार को कुचलने की कोशिश

भिलाई। सुपेला थाना से कुछ ही दूरी पर मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने जमकर उत्पात मचाया। पेट्रोल पंप के बाजू स्थित सेकंड हैंड कारों की दुकान के बाहर खड़ी करीब 15 गाड़ियों को स्कार्पियो चालक ने लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि स्कार्पियो में करीब पांच युवक सवार थे और सभी नशे में धुत थे। हादसे के दौरान जब वहां मौजूद चौकीदार ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो चालक ने उसे भी कुचलने की कोशिश की।

मामले में सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 224(4) बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक प्रार्थी गजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि संजय नगर सुपेला स्थित नेक्सा शोरूम के बाजू में उसकी “परफेक्ट वेल्यू” नाम से पुरानी कार खरीदी बिक्री की दुकान है। रोजाना की तरह 18 मई की रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर वह रेस्ट रूम में सो गया था। दुकान की सुरक्षा के लिए दो गार्ड दीपक तिवारी और रोहित सिंह ड्यूटी पर मौजूद थे।

19 मई की सुबह करीब 4:30 बजे जोरदार धमाके की आवाज सुनकर गजेंद्र सिंह बाहर निकला तो देखा कि दुकान के सामने खड़ी कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं।

सुरक्षा गार्ड रोहित सिंह ने बताया कि दुर्ग की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्कार्पियो क्रमांक CG07CZ7779 के चालक ने लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए पहले इंद्रजीत जोशी उर्फ भरत के ऑटो CG22M9860 को टक्कर मारी। इसके बाद दुकान के सामने खड़ी एक के बाद एक कई कारों को ठोक दिया।

हादसे में मारुति ब्रेजा CG22G7501, मारुति बलेनो CG34MG1427, मारुति स्विफ्ट डिजायर CG15DM1242, मारुति कैब CG10AM2462, स्विफ्ट डिजायर CG19BK2771, टोयोटा इटियॉस CG04KS5220, मारुति इको CG04MA0658 और ऑल्टो CG05E2149 समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

स्कार्पियो की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वहां लगा नो पार्किंग साइन बोर्ड और बिजली पोल क्रमांक 6/149 भी क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक शराब के नशे में दिखाई दे रहा था।