बुजुर्ग दंपत्ति के खाते से पैसे उड़ाने वाली केयर टेकर गिरफ्तार, 40 हजार की धोखाधड़ी का खुलासा

बुजुर्ग दंपत्ति के खाते से पैसे उड़ाने वाली केयर टेकर गिरफ्तार, 40 हजार की धोखाधड़ी का खुलासा

भिलाई।। बुजुर्ग दंपत्ति की देखभाल का जिम्मा संभालने वाली केयर टेकर ने ही उनके भरोसे को तोड़ दिया। नेवई थाना पुलिस ने वृद्ध दंपत्ति के संयुक्त बैंक खाते से बिना अनुमति 40 हजार रुपये से अधिक राशि निकालने के मामले में महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, 17 मई 2026 को पीड़ित परिवार ने थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके माता-पिता के बैंक खाते की देखरेख करने वाली केयर टेकर ने विश्वास में लेकर खाते से 40,085 रुपये निकाल लिए। शिकायत में अन्य वित्तीय लेनदेन की भी आशंका जताई गई थी।

मामले की जांच के बाद नेवई थाना में अपराध क्रमांक 312/2026 के तहत धारा 316(2) बीएनएस में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी और दस्तावेजी जांच के आधार पर आरोपी महिला की तलाश की। पूछताछ में आरोपी ने बैंक खाते से रकम निकालना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान स्मिता बरगटे (44 वर्ष) निवासी रिसाली सेक्टर, थाना नेवई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन और संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने बुजुर्ग दंपत्ति की वित्तीय जानकारी का गलत इस्तेमाल कर भरोसे का फायदा उठाया। कार्रवाई के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।