अवैध शराब पर बड़ा प्रहार, 180 से ज्यादा बोरी लाहान और भट्ठियां नष्ट
64 पौवा शराब के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार




धमतरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ रखा है। इसी कड़ी में भखारा थाना पुलिस ने ग्राम कोसमर्रा, कोपेडीह और कोलियारी मोड़ में एक साथ दबिश देकर अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार किया। कार्रवाई के दौरान 64 पौवा देशी शराब के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं मोटरसाइकिल और नगदी सहित कुल 20,870 रुपये की जप्ती की गई।

सबसे पहले कोसमर्रा में मुखबिर सूचना पर पुलिस ने नया तालाब क्षेत्र में रेड की। यहां लेखराम पारधी (19 वर्ष) को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसके पास से 29 पौवा देशी शराब और 750 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

दूसरी बड़ी कार्रवाई कोपेडीह में हुई, जहां खेत-खलिहान और नहर किनारे छिपाकर चलाए जा रहे अवैध शराब निर्माण के ठिकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस ने यहां 170-180 बोरी महुआ लाहान और भट्ठियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों में डर का माहौल बन गया है। तीसरी कार्रवाई कोलियारी मोड़ पर की गई, जहां घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। तलाशी में 35 पौवा देशी शराब बरामद हुई। आरोपी तुलसी राम साहू उर्फ राजू (54 वर्ष) के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में शराब और मोटरसाइकिल सहित करीब 17,800 रुपये की जप्ती हुई।

