सनसनीखेज डबल मर्डर, बाउंसर ने दो सालियों को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

पारिवारिक विवाद बना खून-खराबे की वजह, आरोपी मौके से गिरफ्तार

सनसनीखेज डबल मर्डर, बाउंसर ने दो सालियों को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

रायपुर। राजधानी के मोवा इलाके में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आपोलो मेडिकल स्टोर के पास एक व्यक्ति ने अपनी ही दो सालियों को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान जितेंद्र वर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से बाउंसर है। बताया जा रहा है कि देर रात परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो अचानक हिंसक हो गया। गुस्से में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और दोनों महिलाओं पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया। शुरुआती पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अंबेडकर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। आरोपी की पिस्तौल जब्त कर ली गई है और उसकी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, देर रात गोली चलने की आवाज से पूरा इलाका दहल गया। लोग घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और विवाद की असली वजह पता लगाने की कोशिश में जुटी है।

पंडरी थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को कुछ ही समय पहले मिली थी। अपोलो मेडिकल के आसपास स्थित एक मकान से गोली चलने की आवाज सुनाई देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो देखा गया कि घर के अंदर गीतांजलि वर्मा घायल अवस्था में पड़ी हुई थी, जबकि आरोपी जितेंद्र वर्मा के हाथ में पिस्टल थी। पुलिस ने बिना देर किए आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया और हथियार को जब्त कर लिया।