पुलिस का सख्त एक्शन, अड्डेबाजी और खुले में शराब पीने वालों पर शिकंजा
36(च) आबकारी एक्ट के तहत 51 केस दर्ज, शाम से देर रात तक चल रहा स्पेशल अभियान

दुर्ग। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अड्डेबाजी, सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में अब तक 51 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस की टीम रोजाना शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक बाजार, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में मोबाइल पेट्रोलिंग कर रही है। इस दौरान जहां भी भीड़ लगाकर शराब पीते या माहौल बिगाड़ते लोग मिले, वहां तुरंत कार्रवाई की गई।

थाना वार कार्रवाई की बात करें तो सुपेला में सबसे ज्यादा 12 केस दर्ज हुए हैं। जामुल में 10, छावनी में 8, कुम्हारी और खुर्सीपार में 4-4, उतई में 3 केस सामने आए हैं। इसके अलावा भिलाई नगर, पुलगांव, वैशाली नगर, दुर्ग और नगपुरा में 2-2 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस का साफ संदेश है कि सार्वजनिक जगहों पर शराब पीना और हुड़दंग अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए 36(च) आबकारी एक्ट के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में सभी थाना प्रभारियों, पेट्रोलिंग टीम और डायल-112 स्टाफ की अहम भूमिका रही है।

