छत्तीसगढ़ में भर्ती सिस्टम में बड़ा बदलाव, व्यापमं खत्म, अब बनेगा नया SSC

IAS रेणु जी. पिल्ले को मिली कमान, सभी भर्ती परीक्षाएं अब एक ही बोर्ड के तहत

छत्तीसगढ़ में भर्ती सिस्टम में बड़ा बदलाव, व्यापमं खत्म, अब बनेगा नया SSC

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में बड़ा और सीधा बदलाव करते हुए व्यापमं का विलय कर दिया है। अब इसकी जगह नया छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल यानी SSC काम करेगा। सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, राज्य की सभी भर्ती परीक्षाएं अब इसी नए मंडल के जरिए कराई जाएंगी।

इस नए सिस्टम की कमान वरिष्ठ IAS अधिकारी रेणु जी. पिल्ले को सौंपी गई है। उन्हें कर्मचारी चयन मंडल का अस्थायी अध्यक्ष बनाया गया है। अभी तक वे व्यापमं की अध्यक्ष थीं और साथ में माध्यमिक शिक्षा मंडल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही हैं। सरकार ने साफ किया है कि उनका यह अतिरिक्त जिम्मा पहले की तरह जारी रहेगा।

यह बदलाव सिर्फ नाम का नहीं है, बल्कि पूरी भर्ती व्यवस्था को एक छत के नीचे लाने की कोशिश है। अब अलग-अलग एजेंसियों की जगह एक ही बोर्ड सभी परीक्षाओं को संभालेगा। सरकार का कहना है कि इससे भर्ती प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी होगी और काम में तेजी आएगी। दरअसल, पिछले कुछ समय से भर्ती परीक्षाओं को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में सरकार ने एक केंद्रीकृत सिस्टम बनाकर भरोसा मजबूत करने की दिशा में यह कदम उठाया है। अब देखना होगा कि नया SSC जमीन पर कितनी तेजी और साफ-सुथरे तरीके से काम करता है।