विद्यार्थियों को मिली मार्कशीट, दुर्ग पुलिस ने साइबर सुरक्षा और नए कानून की दी जानकारी

दुर्ग। चिखली स्थित एस.आर. हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं के लिए मार्कशीट वितरण और कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग पुलिस के अधिकारियों ने छात्रों को साइबर अपराध और नए बीएनएस कानून की जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विजय अग्रवाल और डॉ. संकल्प रॉय मौजूद रहे। इस दौरान ऑपरेशन थिएटर टेक्नीशियन, एक्स-रे टेक्नीशियन और पैथोलॉजी लैब टेक्नीशियन कोर्स के सफल विद्यार्थियों को अंकसूची और प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

संस्थान के अनुसार कुल 79 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सफल रहे। पैथोलॉजी लैब टेक्नीशियन में ईशा राठौड़ ने पहला, नीलम झांडगे ने दूसरा और ओमेश्वरी साहू ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं ओटी टेक्नीशियन कोर्स में गोवर्धन पटेल प्रथम, डॉली जंघेल द्वितीय और देवनारायण तृतीय रहे। एक्स-रे टेक्नीशियन में भूपेश चंद्राकर ने पहला, पूरनलाल ने दूसरा और देवेंद्र कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

संस्थान के चेयरमैन संजय तिवारी ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में आयोजित विशेष जागरूकता सत्र में दुर्ग पुलिस की टीम ने छात्रों और स्टाफ को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नए बीएनएस यानी भारतीय न्याय संहिता के प्रमुख प्रावधानों और नागरिकों के अधिकारों व जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर डॉ. के. के. जैन, डॉ. वाई. के. शर्मा, डॉ. विश्वामित्र दयाल, डॉ. विनीता धुर्वे समेत बड़ी संख्या में डॉक्टर, पत्रकार, समाजसेवी, पुलिस अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
