दर्दनाक हादसा, छत से गिरने पर युवक की मौत, युवती की हालत गंभीर

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अभिलाषा परिसर की EWS बिल्डिंग में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तीन मंजिला इमारत की छत से गिरने पर एक युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को नीचे गिरा हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से युवती को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम इलाज कर रही है।

वहीं युवक को भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और वे एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से दोनों छत से गिरे।


