अमेरिका में मेटा पर बड़ा फैसला: बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने का दोषी, 375 मिलियन डॉलर जुर्माना

अमेरिका के New Mexico में एक अहम फैसले में जूरी ने Meta Platforms को बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने और अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बाल यौन शोषण से जुड़े खतरों को छिपाने का दोषी ठहराया है।

करीब सात हफ्तों तक चले ट्रायल के बाद जूरी ने राज्य के अभियोजन पक्ष के समर्थन में फैसला सुनाया। जूरी का मानना है कि मेटा ने सुरक्षा से ज्यादा मुनाफे को प्राथमिकता दी और बच्चों से जुड़े जोखिमों को लेकर भ्रामक जानकारी दी। यह मामला Instagram, Facebook और WhatsApp जैसे प्लेटफॉर्म्स से जुड़ा है, जो मेटा के ही स्वामित्व में हैं।

जूरी ने हजारों उल्लंघनों को आधार मानते हुए कंपनी पर 375 मिलियन डॉलर यानी करीब 3100 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। हालांकि यह राशि अभियोजन पक्ष की मांग से कम है। दिलचस्प बात यह रही कि फैसले के बाद मेटा के शेयरों में करीब 5% की बढ़त देखी गई, जबकि कंपनी का बाजार मूल्य लगभग 1.5 ट्रिलियन डॉलर है।

फिलहाल इस फैसले के तहत मेटा को तुरंत अपने प्लेटफॉर्म्स में बदलाव करने के लिए बाध्य नहीं किया गया है। अब आगे यह तय करना अदालत के जज पर निर्भर करेगा कि क्या कंपनी के प्लेटफॉर्म्स सार्वजनिक नुकसान का कारण बने और क्या उसे अतिरिक्त मुआवजा देना होगा। इस मामले की अगली सुनवाई मई में होगी। मेटा के प्रवक्ता ने फैसले से असहमति जताते हुए कहा है कि कंपनी इस निर्णय के खिलाफ अपील करेगी। उनका कहना है कि कंपनी अपने प्लेटफॉर्म्स को सुरक्षित बनाने और हानिकारक कंटेंट हटाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
