नारायणपुर पुलिस की ‘माड़ मैत्री चौपाल’, गांव-गांव पहुंचकर बढ़ाया भरोसा

नारायणपुर पुलिस की ‘माड़ मैत्री चौपाल’, गांव-गांव पहुंचकर बढ़ाया भरोसा

नारायणपुर पुलिस द्वारा जिले के अलग-अलग ग्रामीण इलाकों में “माड़ मैत्री चौपाल” कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में थाना एडका के तेरदुल, भरंडा के बिंजली, सोनपुर और ओरछा के कुड़मेल गांव में चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में सरपंच, पंच-जनप्रतिनिधि, सामाजिक और धार्मिक प्रमुखों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला, पुरुष और युवा शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों को नए कानूनों, उनके अधिकारों और कानूनी जागरूकता की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने “माड़ मैत्री कार्यक्रम” के उद्देश्य और इसके थीम वाक्य “विग्रह से विश्वास” के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही युवाओं को शिक्षा, खेल, रोजगार, स्वास्थ्य और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। यातायात नियमों के पालन और साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में कुछ युवाओं को “माड़ मित्र” के रूप में नामित किया गया। इन्हें गांव और पुलिस के बीच समन्वय बनाने, असामाजिक गतिविधियों की सूचना देने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। ग्रामीणों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। नारायणपुर पुलिस का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता, भरोसा और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के लिए “माड़ मैत्री चौपाल” कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा।