15-20 हजार में बिकते थे बैंक खाते, दुर्ग पुलिस ने म्यूल अकाउंट गैंग का किया भंडाफोड़


दुर्ग पुलिस ने साइबर और आर्थिक अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। सुपेला थाना और एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी वर्ष 2022 से अवैध रूप से म्यूल अकाउंट खुलवाकर साइबर अपराधियों को बेच रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मास्टरमाइंड मनोज कुमार भुतड़ा अपने साथियों के साथ विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर उन्हें आर्थिक अपराधियों को बेचता था। साधारण बैंक खाते 15 से 20 हजार रुपये और करंट अकाउंट 40 से 50 हजार रुपये में बेचे जाते थे। आरोपी खाते खुलवाने के लिए न्यूनतम बैंक बैलेंस की राशि भी खुद उपलब्ध कराते थे और बाद में वह रकम वापस निकाल लेते थे।
जांच में खुलासा हुआ है कि इंडसइंड बैंक, आईडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक समेत कई बैंकों में खोले गए खातों में करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है। बालोद, गुण्डरदेही, दुर्ग, जगदलपुर और अन्य क्षेत्रों में संगठित तरीके से म्यूल अकाउंट तैयार किए गए थे।

पुलिस को 24 मई को सूचना मिली थी कि जगदलपुर निवासी मनोज कुमार भुतड़ा अपने साथियों के साथ भिलाई में म्यूल अकाउंट का नेटवर्क संचालित करने पहुंचा है। इसके बाद सुपेला ओवरब्रिज स्थित पांच रास्ता हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी मनोज कुमार भुतड़ा ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2022 से इस कारोबार में सक्रिय है। पुलिस के अनुसार आरोपी इतना शातिर था कि बड़े ट्रांजेक्शन वाले खातों को बैंक में होल्ड करवाकर बाद में संपर्क के जरिए होल्ड हटवाकर रकम निकाल लेता था। पुलिस को संदेह है कि बैंकिंग नेटवर्क में भी उसकी पहुंच थी।
आरोपी गाजियाबाद, सूरत, रायपुर और जगदलपुर के मामलों में भी पुलिस की तलाश में था। फिलहाल वह बालोद जिले के गुण्डरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम तर्राभाठा में रह रहा था। उसके साथी जगदलपुर, बालोद और गुण्डरदेही क्षेत्र में सक्रिय थे।
गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार भुतड़ा (33 वर्ष), केवल सेठिया (26 वर्ष) और सत्यनारायण सेठिया (26 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 11 पासबुक, 7 एटीएम कार्ड, 3 फिनो पेमेंट किट, 3 आधार कार्ड और 1 पैन कार्ड बरामद किया गया है।
मामले में सुपेला थाना में अपराध क्रमांक 718/2026 के तहत धारा 317(2) और 318(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमें रवाना कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम-
1. मनोज कुमार भुतड़ा पिता भंवर लाल उम्र 33 साल पता ग्राम बिरेतरा चौकी हल्दी जिला बालोद
2. केवल सेठिया पिता तुलाराम सेठिया उम्र 26 साल पता ग्राम केसलुर जिला बस्तर
3. सत्यनारायण सेठिया पिता श्रीनाथ सेठिया उम्र 26 साल पता मांझीगुड़ा थाना दरभा जिला बस्तर
