पाटन में श्रमिक कार्ड के नाम पर 200 महिलाओं से फर्जीवाड़ा

महिला संविदा कर्मी का कारनामा

पाटन में श्रमिक कार्ड के नाम पर 200 महिलाओं से फर्जीवाड़ा

पाटन। पाटन ब्लाक के ग्राम सुरपा में 200 से अधिक महिलाएं ठगी का शिकार हो गईं। श्रमिक कार्ड बनाने के नाम पर एक महिला द्वारा इन महिलाओं से एक लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली गई है। पीड़ित महिलाएं मंगलवार को जनपद पंचायत पाटन पहुंची और सीईओ को मामले की जानकारी दी। महिलाओं ने बताया कि उन्हें जो श्रमिक कार्ड जारी किया गया है, वह भी फर्जी निकला। जिस महिला ने इन सभी को झांसा दिया, वह जनपद पंचायत के ही बिहान शाखा में काम करने वाली प्रतिमा साहू संविदा कर्मी है। आज वह ड्यूटी पर नहीं आई थी। सीईओ ने मामले की जांच शुरू करा दी है। जानकारी के मुताबिक, जनपद मुख्यालय में बिहान शाखा में काम करने वाली संविदा कर्मी प्रतिमा साहू ने ग्राम सुरपा की महिलाओं को उनका श्रमिक कार्ड बनवाने संपर्क किया था। इसके बदले प्रत्येक महिला से 200 से 500 रुपये तक वसूला गया। इस तरह से एक लाख से अधिक की वसूली इन महिलाओं से की गई। जब महिलाओं ने श्रमिक कार्ड देने के लिए दबाव बनाया तो उन्हें श्रमिक कार्ड दिया गया। जब श्रमिक कार्ड को शासकीय कार्यालयों में ले जाकर जमा किया गया तो जानकारी हुई कि उक्त कार्ड फर्जी है। परेशान महिलाएं प्रतिमा साहू से मिलने गई तो वह गायब थी। इसके बाद महिलाएं सीईओ मुकेश कोठारी के पास पहुंची और मामले की जानकारी दी। महिलाओं ने कहा कि उनका पैसा वापस दिलाएं साथ ही फर्जीवाड़ा करने वाली महिला कर्मी प्रतिमा साहू पर कार्रवाई की जाए।
पाटन जनपद पंचायत के सीईओ मुकेश कोठारी ने कहा कि ग्राम सुरपा की महिलाओं ने पैसे लेकर फर्जी श्रमिक कार्ड दिए जाने की शिकायत की है। मामले की जांच के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।