खारून नदी में डूबे 38 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, SDRF के एक्सपर्ट डीप डाइवर्स ने चलाया सघन रेस्क्यू अभियान

रानीतराई थाना क्षेत्र के ओदरागहन की घटना, सुबह 5:30 बजे शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन; कड़ी मशक्कत के बाद शव पानी से निकाला

खारून नदी में डूबे 38 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, SDRF के एक्सपर्ट डीप डाइवर्स ने चलाया सघन रेस्क्यू अभियान

दुर्ग। रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम ओदरागहन में खारून नदी में डूबे 38 वर्षीय व्यक्ति का शव एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने सघन रेस्क्यू अभियान चलाकर बरामद कर लिया। नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई के बीच एसडीआरएफ के एक्सपर्ट डीप डाइवर्स ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ग्राम ओदरागहन में खारून नदी में एक व्यक्ति डूब गया है। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम को तत्काल रवाना किया गया। टीम ने 18 सितंबर की सुबह करीब 5:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

खारून नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम के सामने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां थीं। इसके बावजूद एसडीआरएफ के एक्सपर्ट डीप डाइवर्स राजकुमार यादव और ओंकार ने नदी में उतरकर सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी देर तक चले अभियान के बाद टीम ने डूबे व्यक्ति का शव खोज निकाला और उसे पानी से बाहर निकाला। बरामद शव की पहचान सुरेंद्र कुमार यादव, उम्र 38 वर्ष, पिता फिरंका यादव, निवासी ग्राम तर्रा गोंदी, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई। रेस्क्यू के बाद शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।