नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख की ठगी, भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख की ठगी, भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

भिलाई। नौकरी लगाने का झांसा देकर करीब 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी उमेश मानिकपुरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर प्रार्थी से करीब 11 लाख रुपये लिए, लेकिन न तो नौकरी लगाई और न ही रकम वापस की।

प्रार्थी लहनेदास मासुलकर ने 25 अगस्त 2026 को थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 473/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी उमेश मानिकपुरी (45 वर्ष) को 18 सितंबर को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ के लिए न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि आरोपी ने अन्य लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे भी रकम हासिल की थी। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ थाना नेवई क्षेत्र में भी धोखाधड़ी से संबंधित मामले में संलिप्तता की जानकारी सामने आई है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है।

आरोपी: उमेश मानिकपुरी, उम्र 45 वर्ष, निवासी सूर्यनगर, थाना गुढ़ियारी, रायपुर, हाल मुकाम हनुमान चौक, एक्सप्रेस कॉलोनी, डिपरापारा, रायपुर।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी, सरकारी नियुक्ति या किसी अन्य लाभ का झांसा देकर पैसे मांगने वाले लोगों की पूरी जानकारी और सत्यापन करने के बाद ही कोई लेन-देन करें। धोखाधड़ी या संदिग्ध लेन-देन होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।