लिफ्ट मांगकर दोस्ती की, फिर बाइक लेकर फरार हुआ शातिर चोर गिरफ्तार

धमतरी। लिफ्ट मांगकर पहचान बनाने और मौका मिलते ही बाइक चोरी कर फरार होने वाले एक शातिर आरोपी को धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के देवरी कचांदुर निवासी संजय मारकंडे ने सिटी कोतवाली धमतरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7-8 मई 2026 की दरम्यानी रात वह अपनी हीरो एचएफ डीलक्स (CG 24 P 9546) से गंगरेल घूमने आया था। वापसी के दौरान अंबेडकर चौक में एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी, जिसे उसने नेहरू गार्डन तक छोड़ा। इसके बाद वह वहीं विश्राम करने लगा। सुबह उठने पर उसकी मोटरसाइकिल गायब मिली।

शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को 19 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की बाइक आमातालाब रोड क्षेत्र में एक व्यक्ति चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सेन समाज भवन के पास घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी पेमन साहू (31 वर्ष), निवासी खपरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
