शिवनाथ नदी के बाढ़ के पानी में फंसे महिला, पुरुष और बच्चे का SDRF ने किया रेस्क्यू

शिवनाथ नदी के बाढ़ के पानी में फंसे महिला, पुरुष और बच्चे का SDRF ने किया रेस्क्यू

दुर्ग। नांदघाट थाना क्षेत्र के ग्राम अमलीडीहा में शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ के पानी में फंसे महिला, पुरुष और बच्चे समेत तीन लोगों को SDRF दुर्ग की टीम ने देर रात सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार 27 सितंबर 2026 की रात करीब 1:45 बजे ग्राम अमलीडीहा में तीन लोगों के बाढ़ के पानी में फंसे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जिला सेनानी, दुर्ग के निर्देश पर SDRF दुर्ग की रेस्क्यू टीम आवश्यक बाढ़ राहत उपकरणों, मोटर बोट, लाइफ जैकेट और लाइफ रिंग के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने तेज बहाव और विषम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने मोटर बोट की मदद से पानी के बीच फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद उन्हें प्राथमिक सहायता देकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

समय पर हुई इस कार्रवाई से तीनों की जान बच गई। रेस्क्यू के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और SDRF टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।