शिव शक्ति तालाब में डूबे 32 वर्षीय युवक का शव SDRF ने निकाला

भिलाई। थाना जामुल क्षेत्र के शिव शक्ति तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे 32 वर्षीय युवक का शव SDRF दुर्ग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार घासीदास नगर, जामुल निवासी मनी जंघेल (32), पिता कांता जंघेल शिव शक्ति तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं दुर्ग के निर्देश पर SDRF की रेस्क्यू टीम आवश्यक जीवन रक्षक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। SDRF के अनुभवी डीप ड्राइवर राजकुमार यादव और चंद्र प्रताप ने तालाब के गहरे पानी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने काफी प्रयास के बाद युवक के शव को पानी से खोजकर बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद शव को मर्ग पंचनामा एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई के लिए जामुल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना: 3 अक्टूबर 2026
स्थान: शिव शक्ति तालाब, जामुल
मृतक: मनी जंघेल, उम्र 32 वर्ष
निवासी: घासीदास नगर, जामुल
