सितंबर में 7,610 वाहन चालकों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई 6,517 बिना हेलमेट, 178 तेज रफ्तार और 142 शराबी वाहन चालक पकड़े गए
यातायात नियम तोड़ने वालों पर सितंबर में चला पुलिस का डंडा 7,610 वाहन चालकों पर कार्रवाई, सबसे ज्यादा 6,517 बिना हेलमेट पकड़े गए

दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने सितंबर माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7,610 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर विशेष फोकस करते हुए बिना हेलमेट, तेज रफ्तार, शराब के नशे में वाहन चलाने और नो-एंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश के मामलों में कार्रवाई की।
सितंबर माह में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 6,517, तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले 178 और शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 142 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं नो-एंट्री में भारी वाहन प्रवेश कराने वाले 29 वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार ब्लैक स्पॉट, ग्रे स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट और नो-एंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
यातायात पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासन विकसित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम किया जा सके। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया चलाते समय हेलमेट पहनने, शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने और नो-एंट्री सहित अन्य यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
