12 साल की लड़की से दरिंदगी, रेप केस में ऑटो चालक गिरफ्तार

12 साल की लड़की से दरिंदगी,  रेप केस में ऑटो चालक गिरफ्तार

उज्जैन(एजेंसी)।  मध्य प्रदेश के उज्जैन में 12 साल की लड़की से दरिंदगी के मामले में पहली गिरफ्तारी हो चुकी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक आॅटो चालक को गिरफ्तार किया है। 38 साल के इस आॅटो चालक से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस को आॅटो के अंदर खून के निशान मिले हैं। जिसके बाद पुलिस ने इस आॅटो के चालक को पकड़ा है। फॉरेंसिक टीम इसकी जांच-पड़ताल कर रही है। बताया जाता है कि कई चीजें सत्यापित हो चुकी हैं। अब सिर्फ टेक्निकल साक्ष्य जुटाने हैं और इसके मिलते ही बहुत जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।   
उज्जैन में 12 साल की नाबालिग लड़की खून से लथपथ सड़क पर चलती नजर आई थी। बताया जा रहा है कि रेप के बाद लड़की मदद के लिए सड़क पर इधर-उधर भटक रही थी। इस मामले में पुलिस कई सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। इस जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस को एक ऐसा सीसीसीटीवी फुटेज मिला है जिससे एक और बड़ा राज खुल गया है। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को पुख्ता तौर पर इस बात की जानकारी मिल गई है कि आखिर लड़की ने कहां से आॅटो पकड़ा था। पीड़िता उज्जैन के जीवनखेड़ी इलाके से आॅटो में सवार हुई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने एक आॅटो चालक को गिरफ्तार करने के अलावा कुछ अन्य लोगों को हिरासत में भी लिया है। जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है उनमें एक और आॅटो चालक बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि पुलिस ने करीब 8 किलोमीटर तक के सीसीटीवी फुटेज हासिल कर लिए हैं। फुटेज के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि 12 साल की लड़की के साथ दिन के वक्त 4-5 के बीच हैवानियत की गई थी। 
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने जिस आॅटो चालक को पकड़ा है उसका नाम राकेश है। पूछताछ के दौरान राकेश ने खुद को पीड़िता का मददगार बताते हुए पुलिस से कहा कि उसने जब लड़की को ऐसी हालत में देखा था तब उसने उसे तन ढकने के लिए कपड़े दिए थे। लेकिन पुलिस को यह बात खटक रही है कि अगर उसे लड़की इस हालत में मिली थी तो उसने पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी या फिर उसे इलाज के लिए अस्पताल क्यों नहीं ले गया?