भिलाई में इलेक्ट्रिक स्कूटर में लगी आग, दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू

भिलाई में इलेक्ट्रिक स्कूटर में लगी आग, दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू

भिलाई। सेक्टर क्षेत्र में रविवार सुबह एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल सेक्टर में मनोहर मेडिकल के सामने करीब सुबह 8:45 बजे की है।

जानकारी के अनुसार, सुरेश रत्नानी का इलेक्ट्रिक स्कूटर मनोहर मेडिकल के सामने खड़ा था। इसी दौरान स्कूटर में अचानक आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दुर्ग अग्निशमन कार्यालय को दी।

सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की एक दमकल टीम मौके के लिए रवाना की गई। टीम के पहुंचने तक स्कूटर में आग तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियों ने तुरंत पानी का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया और कुछ ही देर में स्थिति नियंत्रित कर ली। आग बुझाने के लिए एक अग्निशमन वाहन का पानी उपयोग किया गया।

अग्निशमन दल के प्रभारी महेंद्र चंदेल के नेतृत्व में धर्मेंद्र, भीषम, शशांक, मनीष और अनंत कुमार ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम की त्वरित कार्रवाई से बड़ी घटना टल गई और आसपास किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय पर सूचना मिलने और टीम के त्वरित पहुंचने से आग को फैलने से रोक लिया गया।