दुर्ग पुलिस का डिजिटल कदम: ई-साक्ष्य और ई-समंस पर 93 अधिकारियों को किया प्रशिक्षण

दुर्ग। नवीन आपराधिक कानून के प्रावधानों को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए दुर्ग पुलिस ने रक्षित केन्द्र में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। यह प्रशिक्षण प्रशासनिक भवन स्थित दधीचि प्रशिक्षण हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के कोर्ट मोहर्रिर, समंस-वारंट आरक्षक और तकनीकी स्टाफ शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से मिलने वाले ई-साक्ष्य अपराधों की विवेचना को अधिक मजबूत बनाते हैं। इससे न केवल जांच की प्रक्रिया तेज होती है, बल्कि न्यायालय में आरोपियों को सजा दिलाने में भी मदद मिलती है।

सत्र में यह भी समझाया गया कि विवेचना के दौरान आरोपियों और गवाहों के मोबाइल नंबर का सही रिकॉर्ड रखना क्यों जरूरी है। इससे ई-समंस जारी करने की प्रक्रिया आसान और प्रभावी हो जाती है। प्रोजेक्टर के माध्यम से संबंधित पोर्टल के उपयोग की तकनीकी जानकारी भी दी गई। कर्मचारियों को ई-साक्ष्य और ई-समंस से जुड़ी डिजिटल प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे जांच के दौरान इसका बेहतर इस्तेमाल कर सकें।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) चन्द्र प्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा सहित सीसीटीएनएस भिलाई की टीम और अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में जिला दुर्ग के कुल 93 अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।