रायपुर एयरपोर्ट पर फर्जी आधार से फ्लाइट पकड़ने की कोशिश, यात्री गिरफ्तार

इंदौर जाने वाली फ्लाइट के लिए दूसरे व्यक्ति के नाम की टिकट पर यात्रा करने का प्रयास

रायपुर एयरपोर्ट पर फर्जी आधार से फ्लाइट पकड़ने की कोशिश, यात्री गिरफ्तार

राजधानी रायपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान फर्जी आधार कार्ड के सहारे फ्लाइट में यात्रा करने की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी कुलदीप सिंघल ने स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी एयर टिकट पर रायपुर से इंदौर जाने की कोशिश की थी। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान जब उसने आधार कार्ड प्रस्तुत किया तो कर्मचारियों को उसकी सत्यता पर संदेह हुआ। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि आधार कार्ड कूटरचित था। आरोपी ने स्नेहल राजू भाई पटेल के आधार कार्ड में अपना फोटो लगाकर फर्जी दस्तावेज तैयार किया था और उसी के सहारे यात्रा करने की कोशिश कर रहा था।

सुरक्षा जांच के दौरान ही आरोपी को पकड़ लिया गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का मूल पता इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित बरपानी धाम का है। फिलहाल वह खंडवा रोड स्थित कृष्णा एवेन्यू फेस-1 में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका तो नहीं है।

इस घटना के बाद एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता भी सामने आई है, जिससे समय रहते फर्जी दस्तावेज के साथ यात्रा करने की कोशिश नाकाम हो गई।