दुर्ग में पिता-पुत्र ने कीटनाशक पीकर दी जान, घर के अंदर एक ही बिस्तर पर मिले शव
आपापुरा इलाके की घटना, पत्नी की मौत के बाद दोनों अकेले रहते थे

दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पिता और पुत्र ने कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव घर के अंदर एक ही बिस्तर पर पड़े मिले।

पुलिस के अनुसार घटना आपापुरा इलाके की है। शनिवार सुबह सूचना मिली कि यहां रहने वाले अरुण कुमार (70 वर्ष) और उनके बेटे पंकज (40 वर्ष) ने कीटनाशक दवा पी ली है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर दोनों के शव एक ही बिस्तर पर पड़े मिले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि पंकज मानसिक रूप से कमजोर था, जबकि पिता अरुण कुमार चलने-फिरने में असमर्थ थे। करीब आठ महीने पहले अरुण कुमार की पत्नी की भी मौत हो चुकी थी। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है और वह जगदलपुर में रहती है। पत्नी की मौत के बाद पिता और पुत्र घर में अकेले ही रह रहे थे। शनिवार सुबह जब मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।