अष्टलक्ष्मी दर्शन यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में भिलाई के प्रोफेसर और दो छात्रों का चयन

वैशाली नगर पीजी कॉलेज के सहायक प्राध्यापक सुरेश ठाकुर नोडल अधिकारी बने, दो छात्र भी पूर्वोत्तर भ्रमण के लिए चयनित

अष्टलक्ष्मी दर्शन यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में भिलाई के प्रोफेसर और दो छात्रों का चयन

भिलाई के इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर के लिए गर्व की खबर है। भारत सरकार के पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (DoNER) द्वारा संचालित अष्टलक्ष्मी दर्शन यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए महाविद्यालय के एक सहायक प्राध्यापक और दो छात्रों का चयन हुआ है। कार्यक्रम के तहत कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्राध्यापक सुरेश कुमार ठाकुर को छत्तीसगढ़ दल का नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं महाविद्यालय के दो छात्र सुशील सेठी और नीतीश कुमार गुप्ता का भी इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चयन किया गया है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य से कुल 20 विद्यार्थियों और 2 नोडल अधिकारियों को पूर्वोत्तर भारत के शैक्षणिक और सांस्कृतिक भ्रमण के लिए भेजा जाएगा। प्रतिभागियों का होस्ट संस्थान असम का आईआईटी गुवाहाटी निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम 15 मार्च से 28 मार्च 2026 तक आयोजित होगा। इस दौरान प्रतिभागी पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, भाषाई विविधता और वहां के शैक्षणिक माहौल को करीब से जानने का अवसर प्राप्त करेंगे। अष्टलक्ष्मी दर्शन पहल का उद्देश्य देश के अलग-अलग राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक समझ, राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों की सांस्कृतिक विरासत और विशेषताओं से परिचित कराया जाता है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती अलका मेश्राम और पूरे महाविद्यालय परिवार ने चयनित सहायक प्राध्यापक और दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके सफल सहभागिता की कामना की है।