अवैध अफीम खेती के बाद प्रशासन सख्त, 58 पटवारियों के तबादले

अवैध अफीम खेती के बाद प्रशासन सख्त, 58 पटवारियों के तबादले

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हाल ही में सामने आए अवैध अफीम की खेती के मामलों के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी कड़ी में कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा ने राजस्व विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 58 पटवारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के मुताबिक जिले की कई तहसीलों में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ पटवारियों को हटाकर अन्य स्थानों पर भेजा गया है। इनमें राजपुर, रामानुजगंज, कुसमी, वाड्रफनगर, शंकरगढ़, रघुनाथनगर और बलरामपुर सहित कई तहसीलें शामिल हैं।

प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य राजस्व व्यवस्था में कसावट लाना और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना है। साथ ही लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ कर्मचारियों के कारण प्रशासनिक कार्यों में आ रही ढिलाई को भी दूर करना है। सूत्रों के अनुसार जिले के अलग-अलग इलाकों में हाल के दिनों में अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद राजस्व अमले की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे। इसके बाद प्रशासन ने राजस्व तंत्र में सख्ती दिखाते हुए यह बड़ा कदम उठाया है। एक साथ 58 पटवारियों के तबादले को जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में अहम फैसला माना जा रहा है।