दुर्ग के बोरसी में मकान में लगी आग, दमकल टीम ने दो सिलेंडर निकालकर टाला बड़ा हादसा
पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की घटना, समय पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पाया काबू


दुर्ग के बोरसी इलाके में एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार घटना 14 मार्च की सुबह लगभग 11 बजे पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के बोरसी में हुई। यहां श्री राज रतन के निवास में अचानक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को तुरंत सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक दमकल टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। जब अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे तो देखा कि आग घर के कई हिस्सों में फैल चुकी थी और धुआं पूरे मकान में भर गया था। अग्निशमन कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए धुएं से भरे घर के अंदर प्रवेश किया और सबसे पहले दो गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया गया।

फायर ब्रिगेड की टीम की तत्परता से बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। इस पूरी कार्रवाई में एक दमकल वाहन का उपयोग किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। इस कार्रवाई में अग्निशमन दल प्रभारी महेंद्र चंदेल के नेतृत्व में कर्मचारी धर्मेंद्र, राजेश, शशांक और मनीष ने मिलकर आग बुझाने का कार्य किया। समय पर पहुंचकर टीम ने स्थिति को संभाल लिया और मौके पर किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।