भेलवा तालाब में नहाने उतरा 16 साल का किशोर डूबा, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

भिलाई। कोहका इलाके के भेलवा तालाब में नहाने के दौरान 16 साल के एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कैंप-1 निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक गुरप्रीत अपने भाई और दोस्तों के साथ तालाब गया था। शुरुआत में वह तालाब के किनारे बने गार्डन में बैठकर मोबाइल पर बात कर रहा था, जबकि उसके दोस्त पानी में नहा रहे थे। कुछ देर बाद दोस्तों को नहाते देख वह भी तालाब में उतर गया।

बताया जा रहा है कि पानी में उतरते ही गुरप्रीत गहराई में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। परिजनों के अनुसार तालाब के अंदर उसका पैर किसी चीज में फंस गया था, जिसकी वजह से वह पानी से बाहर नहीं आ पाया।

जब दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों को स्थिति का अंदाजा हुआ तो सभी ने मिलकर उसे बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद गुरप्रीत को तालाब से बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए भिलाई के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।