सराफा कारोबारी से 3.50 करोड़ की ज्वेलरी लूट, यूपी के मिर्जापुर से चार संदिग्ध गिरफ्तार

बिलासपुर में सराफा कारोबारी से हुई करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लूट मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सूत्रों के मुताबिक चार संदिग्ध आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है। बिलासपुर पुलिस की टीम उन्हें लेकर लौट रही है।

घटना 17 फरवरी की रात की है। राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी की वसंत विहार चौक पर महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप है। रोज की तरह वे रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर सोने के जेवर और नकदी कार में लेकर घर जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पर बीएसएनएल ऑफिस गली के तिराहे पर पहले से खड़ी एक सफेद कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।

जैसे ही संतोष तिवारी बाहर निकले, कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। उनके सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई गई और साढ़े तीन करोड़ रुपये के आभूषण, साढ़े तीन लाख रुपये नकद और उनकी कार लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद आरोपी अपनी वैन और बाइक मौके पर छोड़ गए थे। जानकारी के अनुसार उन्होंने कारोबारी की कार उर्तुम में छोड़ दी और फिर स्कॉर्पियो और ह्युंडई आई20 में सवार होकर उत्तर प्रदेश की ओर निकल गए। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर सुराग जोड़े। इन्हीं इनपुट के आधार पर मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में दबिश दी गई और चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। अब सबकी नजर इस पर है कि लूटा गया माल कितना बरामद होता है और इस वारदात में और कौन-कौन शामिल था। पुलिस आगे की पूछताछ में पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की तैयारी में है।