दो साल से पुलिस को चकमा दे रहा था हत्या के प्रयास का आरोपी, पंजाब तक छिपता रहा

पहचान बदलकर लगातार ठिकाने बदल रहा था सेवा सिंह, जामुल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबोचा; कई थानों में दर्ज हैं अपराध

दो साल से पुलिस को चकमा दे रहा था हत्या के प्रयास का आरोपी, पंजाब तक छिपता रहा

दुर्ग। हत्या के प्रयास के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे ईनामी आरोपी को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान छिपाकर पंजाब, छत्तीसगढ़ समेत अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलकर रह रहा था। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवा सिंह, निवासी कैम्प-01, पटेल डेयरी के पास, छावनी, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। उसका मूल निवास तरण तारण, पंजाब बताया गया है।

स्कूटी से पहुंचकर किया था प्राणघातक हमला

मामला वर्ष 2024 का है। प्रार्थी योगेश सहारे, उम्र 32 वर्ष, निवासी कुरूद ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके छोटे भाई नरेन्द्र सहारे पर स्कूटी सवार व्यक्ति ने प्राणघातक हमला कर उसे गंभीर चोट पहुंचाई है।

रिपोर्ट के आधार पर थाना जामुल में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश लगातार जारी रही, लेकिन वह पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा।

पहचान छिपाकर बदलता रहा ठिकाने

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान छिपा ली और लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। वह पंजाब, छत्तीसगढ़ सहित अन्य स्थानों पर रहकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।

इसी बीच जामुल पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण मुखबिर सूचना मिली। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। लगातार निगरानी और तलाश के बाद पुलिस ने सेवा सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

कई थानों में दर्ज हैं अपराध

पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ दुर्ग जिले के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। इनमें जामुल, खुर्सीपार, कोतवाली दुर्ग, वैशाली नगर और छावनी थाने के मामले शामिल हैं।

थाना छावनी के वर्ष 2024 के एक प्रकरण में आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा ईनाम भी घोषित किया गया था। इसके बाद जामुल पुलिस ने आरोपी की तलाश और तेज कर दी थी।

इन मामलों में रहा है आरोपी का नाम

थाना जामुल: अपराध क्रमांक 249/2024, धारा 109 बीएनएस

थाना खुर्सीपार: अपराध क्रमांक 290/2016, धारा 294, 323, 506 भादवि

थाना कोतवाली दुर्ग: अपराध क्रमांक 136/2016, धारा 379 भादवि

थाना वैशाली नगर: अपराध क्रमांक 60/2023, धारा 294, 323, 341, 34 भादवि

थाना छावनी: अपराध क्रमांक 19/2024, धारा 294, 323, 506, 327 भादवि

थाना छावनी: अपराध क्रमांक 111/2024, धारा 363 भादवि