दुर्ग- भिलाई में स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा, एक दिन में 7 नए मरीज मिले, एक माह में 33 संक्रमित

एक्टिव केस बढ़कर 16 हुए; 9 अस्पताल में भर्ती, 7 होम आइसोलेशन में

दुर्ग- भिलाई में स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा, एक दिन में 7 नए मरीज मिले, एक माह में 33 संक्रमित

दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू यानी Influenza A/H1N1 संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को एक ही दिन में 7 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए। नए संक्रमित मरीजों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही पिछले एक महीने में जिले में स्वाइन फ्लू के कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 5 अगस्त से 5 सितंबर 2026 के बीच जिले में 33 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वर्तमान में 16 मरीज एक्टिव हैं। इनमें 9 मरीज अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं, जबकि 7 मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है।

भिलाई के निजी अस्पतालों में बढ़ी भर्ती

शनिवार को मिले नए मरीजों में भिलाई के निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराए गए मरीज शामिल हैं। स्पर्श मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में 1 और हाईटेक अस्पताल में 2 नए मरीज भर्ती हुए हैं।

वर्तमान में स्पर्श अस्पताल में 4, हाईटेक अस्पताल में 4 और पल्स अस्पताल में 1 स्वाइन फ्लू मरीज उपचाराधीन है। इसके अलावा 7 मरीज घर पर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं।

17 मरीज स्वस्थ होकर लौटे घर

स्वास्थ्य विभाग के लिए राहत की बात यह है कि जिले में अब तक 17 मरीज उपचार के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। इनमें रायपुर एम्स, एनएचएमएमआई, रामकृष्ण केयर और सुयश अस्पताल समेत विभिन्न अस्पतालों में उपचार कराने वाले मरीज शामिल हैं।

नए मामलों के बाद कांटेक्ट ट्रेसिंग तेज

लगातार सामने आ रहे नए मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। नए संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य अमला मरीजों और उनके संपर्कों की जानकारी जुटाकर आवश्यक स्वास्थ्य निगरानी कर रहा है।

कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, जिला सर्वेलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे और डीपीएम सुश्री भूमिका वर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।