दुर्ग में चोरी की एक्टिवा बेचने पहुंचा चोर गिरफ्तार, 40 हजार की स्कूटी बरामद

दुर्ग में चोरी की एक्टिवा बेचने पहुंचा चोर गिरफ्तार, 40 हजार की स्कूटी बरामद

दुर्ग। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने चोरी की एक्टिवा स्कूटी बेचने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 हजार रुपए कीमत की चोरी गई होंडा एक्टिवा बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, बेमेतरा जिले के ग्राम चोंगीखपरी निवासी प्रियंका निषाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 30 मई को डीएलएड प्रथम वर्ष की परीक्षा देने जेआरडी स्कूल दुर्ग आई थी। उसने अपनी होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 07 CS 3289 स्कूल गेट के पास खड़ी की थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकलने पर उसकी स्कूटी गायब मिली। मामले में अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बस स्टैंड दुर्ग के पास चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक एम जोशी (39 वर्ष) निवासी एचआईजी सेक्टर-6, देवेंद्र नगर, रायपुर बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 30 मई को जेआरडी स्कूल के पास से उक्त एक्टिवा चोरी की थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई होंडा एक्टिवा जब्त कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।