कूलर में करंट आने से मजदूर की मौत, पानी भरते समय हुआ हादसा

भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र का मामला

कूलर में करंट आने से मजदूर की मौत, पानी भरते समय हुआ हादसा

भिलाई। भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में कूलर में करंट आने से 49 वर्षीय संतोष कुमार यादव की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह घर में कूलर चालू कर उसमें पानी भर रहे थे। जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार यादव कैंप-1 स्थित त्रिदशेश्वर मंदिर के पास रहते थे। सोमवार को वे कूलर में पानी भर रहे थे, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गए। घटना होते ही परिजनों और रिश्तेदारों ने तत्काल बिजली का स्विच बंद किया और उन्हें कूलर से अलग कर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद संतोष कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कूलर में करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी। प्रारंभिक तौर पर विद्युत लीकेज या अर्थिंग की समस्या की आशंका जताई जा रही है।

परिचित शैलेंद्र कुमार साहू ने बताया कि संतोष कुमार यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में उनकी पत्नी और तीन बेटे हैं। वह घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं बिजली विभाग ने लोगों से गर्मी के मौसम में कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि विद्युत उपकरणों की नियमित जांच और उचित अर्थिंग सुनिश्चित करने से ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।