शादी की जिद में मासूम की हत्या, वारदात के बाद आत्महत्या का भी आया था ख्याल; आरोपी ने पूछताछ में किए चौंकाने वाले खुलासे

शादी की जिद में मासूम की हत्या, वारदात के बाद आत्महत्या का भी आया था ख्याल; आरोपी ने पूछताछ में किए चौंकाने वाले खुलासे

एनकाउंटर के बाद पुलिस गिरफ्त में आरोपी 

फिरोजाबाद। शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में डेढ़ साल के मासूम आरव की निर्मम हत्या मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक ने कई चौंकाने वाली बातें कबूल की हैं। जांच में सामने आया है कि मासूम को आठ बार जमीन पर पटककर मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी बुरी तरह घबरा गया था और कुछ समय तक आत्महत्या करने का भी विचार कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी को गिरफ्तारी का डर सताने लगा। मुख्य सड़कों और चौराहों पर पुलिस और सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी की आशंका के चलते वह कई घंटों तक शिकोहाबाद की सुनसान और अंदरूनी गलियों में भटकता रहा। इस दौरान वह लगातार छिपने और शहर से बाहर निकलने के रास्ते तलाशता रहा।

गौरतलब है कि शनिवार दोपहर यादव कॉलोनी में आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक ने रिश्ते की भाभी रती से शादी करने की जिद पूरी नहीं होने पर उसके डेढ़ वर्षीय बेटे आरव को निशाना बनाया। आरोपी ने मासूम को बेरहमी से सड़क पर आठ बार पटककर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के गेट के पास फेंककर फरार हो गया।

यह पूरी खौफनाक घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों में आरोपी के खिलाफ भारी नाराजगी है और वे उसे कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह एकतरफा जुनून और शादी की जिद को बताया जा रहा है।