पुलिस मुठभेड़: 50 हजार का इनामी बदमाश महताब ढेर, साथी फरार

12 गोलियां बदमाशों ने चलाईं, पुलिस की 3 गोलियों में ढेर हुआ 50 हजार का इनामी महताब

पुलिस मुठभेड़: 50 हजार का इनामी बदमाश महताब ढेर, साथी फरार

शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश महताब मारा गया। पुलिस के अनुसार महताब कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य था और उसके खिलाफ लूट, डकैती, हत्या तथा रंगदारी समेत 47 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

पुलिस के मुताबिक तड़के करीब तीन बजे आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में दो किसान भाइयों से लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर तलाश शुरू कर दी।

एसपी ने बताया कि कांधला क्षेत्र की खंदरावली पुलिया के पास आदर्श मंडी और कांधला पुलिस की टीम का बदमाशों से आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार बदमाशों की ओर से 12 से अधिक राउंड फायर किए गए, जबकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन गोलियां चलाईं।

मुठभेड़ के दौरान महताब के सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि होगी। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

घटनास्थल से पुलिस ने एक 9 एमएम पिस्टल, एक कार्बाइन, कई जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार हाल के वर्षों में जिले के अपराधी पिस्टल के साथ कार्बाइन जैसे आधुनिक हथियारों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।

एसपी के मुताबिक महताब कैराना थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उसका एचएस नंबर 349-ए दर्ज था। वह शामली, सहारनपुर और हरियाणा के पानीपत में दर्ज कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था। उस पर डीआईजी स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में दरोगा दीपचंद के हाथ में भी गोली लगी है। उनका उपचार कराया जा रहा है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।