भूपेश बघेल चैट विवाद में फंसे यूट्यूबर्स पर एक और FIR, महिला से उगाही का आरोप

भूपेश बघेल चैट विवाद में फंसे यूट्यूबर्स पर एक और FIR, महिला से उगाही का आरोप

दुर्ग। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट विवाद में चर्चा में आए यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर दोनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) के तहत दूसरी एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम उमदा निवासी नेहा मिश्रा ने 25 जून को पुरानी भिलाई थाने में लिखित शिकायत दी। नेहा पिछले पांच वर्षों से अपने गांव में ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन कर रही हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ समय पहले सागर साहू और उनके साथी पुष्पराज सिंह आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचे थे। वहां हुई बातचीत का वीडियो बनाकर उसे कथित रूप से तोड़-मरोड़कर समाचार की तरह प्रस्तुत करने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की योजना बनाई गई।  महिला का आरोप है कि 3 जून को वीडियो हटाने के एवज में उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गई। बदनामी के डर से उन्होंने अपनी जमा पूंजी में से 35 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए। शिकायत के अनुसार, रकम मिलने के बाद वीडियो हटा दिया गया था।

हालांकि बाद में दोनों आरोपियों ने उनसे दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। पैसे नहीं देने पर बदनाम करने और नए वीडियो जारी करने की धमकी दी गई। महिला का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने तीन से अधिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। नेहा मिश्रा ने शिकायत में कहा है कि वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और ग्राहक सेवा केंद्र जाने में भी शर्मिंदगी महसूस हो रही है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

नोट: यह मामला शिकायत और एफआईआर में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही मानी जाएगी।