CGPSC और भारतमाला घोटाला: रायपुर-भिलाई में ED और CBI की बड़ी कार्रवाई, पूर्व अधिकारियों के घरों पर छापेमारी

रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और भारतमाला प्रोजेक्ट में गड़बड़ी को लेकर CBI ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर और भिलाई में छापेमारी की। ED की टीम ने पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक के रायपुर स्थित निवास और CBI ने पूर्व CGPSC सचिव जीवन किशोर ध्रुव (जेके ध्रुव) के भिलाई स्थित घर पर दबिश दी।

जानकारी के मुताबिक, सुबह से ED और CBI की टीम दोनों स्थानों पर दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। भिलाई के सेक्टर-10, स्ट्रीट नंबर-44 स्थित जेके ध्रुव के निवास पर कार्रवाई के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान भी तैनात किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, CBI की टीम चार सफेद इनोवा वाहनों में सुबह करीब 6 बजे भिलाई पहुंची। इसके बाद अधिकारियों ने जेके ध्रुव के घर में प्रवेश कर दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया। बताया जा रहा है कि छापेमारी में आधा दर्जन से अधिक अधिकारी शामिल हैं।

गौरतलब है कि CGPSC भर्ती घोटाले को लेकर इससे पहले केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) भी जेके ध्रुव के निवास पर छापेमारी कर चुकी है। अब ED इस मामले में कथित मनी लॉन्ड्रिंग और आर्थिक अनियमितताओं के पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई से जुड़े और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
